तेल अवीव। इजराइल ने दावा किया है कि हाई एनर्जी लेजर डिफेंस सिस्टम आयरन बीम के अंतिम परीक्षण को उसने पूरा कर लिया है। इस हथियार को इस साल के अंत तक तैनात कर दिया जाएगा। इसे इजराइली सैन्य शक्ति की बड़ी छलांग के रूप में देखा जा रहा है, जो दुश्मनों के रॉकेट, ड्रोन और मोर्टार जैसे खतरों को कम लागत में बेअसर कर देगा।
इजराइल का दावा है कि आयरन बीम दुनिया का पहला हाई एनर्जी लेजर इंटरसेप्शन वेपन है। इससे इजराइल की रक्षा क्षमता में इजाफा होने की संभावना है, जो लगातार कई मोर्चों पर हमलों का सामना कर रहा है। आयरन बीम को हिब्रू में ओर ईटन के रूप में जाना जाता है। इसे पहली बार इजराइली रक्षा कंपनी राफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स ने फरवरी 2014 में सिंगापुर एयरशो में प्रदर्शित किया था। उस समय इसे एक गाइडेड एनर्जी वेपन के रूप में पेश किया गया था। तब कहा गया था कि इसे कम दूरी के खतरों से निपटने के लिए डिजाइन किया गया है, जिन्हें पारंपरिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम हमेशा सटीकता के साथ रोक नहीं पाती हैं। आर्थिक रूप से भी मिसाइलों से सस्ते हथियारों को मार गिराना काफी महंगा पड़ता है।
मीडिया रिपोर्ट में इजराइली रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया गया है कि यह लेजर सिस्टम अब ऑपरेशनल तैनाती के लिए तैयार है। दक्षिणी इजराइल में कई हफ्तों तक किए गए अपने अंतिम परीक्षणों में, आयरन बीम ने रॉकेट, मोर्टार, ड्रोन और कम उड़ान वाले विमानों समेत कई प्रकार के लक्ष्यों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। मंत्रालय ने कहा कि प्रदर्शनों ने इसकी क्षमताओं को प्रमाणित किया है। इजराइली रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह दुनिया में पहली बार है कि एक हाई एनर्जी लेजर इंटरसेप्शन सिस्टम पूरी तरह से ऑपरेशनल स्टेज तक पहुंच गई है।
यह सिस्टम अब इजराइली सेना को प्रदान की जाएगा और इस साल के अंत तक देश के व्यापक मिसाइल डिफेंस नेटवर्क में एकीकृत कर दिया जाएगा। रक्षा मंत्री काट्ज ने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और आयरन बीम की मामूली लागत पर तेज, सटीक इंटरसेप्शन प्रदान करने के लिए तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह हमारे मौजूदा डिफेंस सिस्टम नेटवर्क में शामिल होकर खतरे के समीकरण को बदल देता है।

