भोपाल। मध्य प्रदेश में तेज बारिश का दौर थम गया है, अब अगले तीन दिन हल्की बारिश होगी। राज्य में लौटते हुए मानसून से बारिश होगी। सितंबर महीने के आखिरी तक एक स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होगा, जिससे तेज बारिश होगी। रविवार को भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, मंडला, नरसिंहपुर सहित कई जिलों में बारिश हुई। इसके अलावा 15 से ज्यादा जिलों में हल्की बारिश हुई।
इस महीने के अंतिम हफ्ते में तेज बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस महीने के आखिरी सप्ताह में तेज बारिश का सिस्टम एक्टिव होगा। 24 से 25 सितंबर को राज्य के कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। एक लो प्रेशर एरिया भी एक्टिव हो रहा है, जिसका असर आगे आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा। पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और गुजरात के कई जिलों से मानसून पीछे हट चुका है। इस असर मध्य प्रदेश में देखने को मिलेगा। राज्य में लौटते हुए मानसून से बारिश होगी।
7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी और धार में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मैहर, बालाघाट, इंदौर, रतलाम, रीवा समेत 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

