हरदा। रहटगांव पुलिस ने मोटर पंप, केबल वायर और स्टार्टर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से दो सबमर्सिबल मोटर पंप, केबल वायर, स्टार्टर सहित करीब ₹1.50 लाख का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक शंशांक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा तथा एसडीओपी आकांक्षा तलया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनोज कुमार दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
तीन-चार माह से हो रही थीं लगातार चोरियां
पुलिस के अनुसार थाना रहटगांव क्षेत्र में पिछले तीन-चार महीनों से मोटर पंप, केबल वायर और स्टार्टर चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों पर लगातार नजर रखी गई।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, छह आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बलराम मरस्कोले एवं जगदीश मरस्कोले निवासी डुडियापानी मोटर पंप चोरी की घटनाओं में शामिल हैं। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने साथियों कुंदन लौहार (झंडाडी), शेख फारुख (मोहनपुर), शाहरुख (नजरपुरा) और इश्तकाश (जामनपाड़ी, रहटगांव) के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
चार अलग-अलग वारदातों का खुलासा
आरोपियों की निशानदेही पर थाना क्षेत्र के चार अलग-अलग स्थानों से चोरी किया गया सामान बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सबमर्सिबल मोटर पंप, केबल वायर और स्टार्टर जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹1.50 लाख बताई गई है।
इन धाराओं में दर्ज है मामला
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 354/25, 113/26, 288/26 एवं 234/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(2) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई की है।
इनकी रही विशेष भूमिका
कार्रवाई में सउनि हेरम्बदास पाण्डेय, सउनि कौशल कुमार दीक्षित, प्रधान आरक्षक गजेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक देवेंद्र राव, आरक्षक महेंद्र खुशवंशी, सोनू चौरे, ब्रजेश चौहान, लोकेश सातपुते, मनोज दोहरे (साइबर सेल) तथा नगर सुरक्षा समिति के सदस्य आशीष सिलारे, अरुण कुशवाह और राजा निहाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

