मकड़ाई समाचार भोपाल|कोलार पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन लड़के सेमरी जोड़ पर एक स्विफ्ट डिजायर कार एवं एक पल्सर बाइक को ओने-पौने दामो में बेचने की फ़िराक में लेकर खड़े हैं। सूचना की तस्दीक करने के बाद पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम प्रताप मंडल उम्र 26 साल निवासी वंजारी सोसायटी, डी सेक्टर कोलार और करण कुमार गोहे उम्र 30 साल निवासी पटेल कालोनी घोडा डोंगरी जिला बैतूल बताया। तीसरा आरोपित नाबालिग है।
उनसे कार एवं बाइक के बारे में सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले पिपलानी क्षेत्र में सूने घर में घुस कर चोरी की थी। वहीं पर हमें एक कार की चाबी एक गैस चूल्हा मिला था। उन्होंने पिपलानी के अलावा कोलार क्षेत्र में पांच जगह चोरी करना कबूल किया। आरोपित करण गोहे ने बताया कि उसने करीब डेढ़ माह पहले इटारसी से पल्सर बाइक चोरी की थी, जिसे वह बेचने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने उनके कब्जे से कार और बाइक के अलावा दो एलईडी टीवी, एक माइक्रोवेव, दो लेपटाप, चार मोबाइल, एक गैस चूल्हा और दो सिलिंडर समेत दो किलो चांदी एवं बीस तोला सोने के जेवरात बरामद किए। जब्त सामान की कीमत करीब 2500000 रुपये बताई जा रही है।

