मुंबई। हाल ही में ग्लोबल स्टार नोरा फतेही ने यो यो हनी सिंह के साथ अपने धमाकेदार इंटरनेशनल पंजाबी एंथम “आई एम सो रिच” की घोषणा कर सुर्खियां बटोरी थीं। अभी से इस गाने को ग्लोबल पार्टी एंथम माना जा रहा है और इसके रिलीज़ का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। लेकिन इसी बीच नोरा ने एक और नए संगीत सफर की झलक दिखा दी है, जिसने उनके प्रशंसकों की जिज्ञासा और बढ़ा दी है। दरअसल, संगीतकार संजॉय के साथ एक हल्की-फुल्की बातचीत के दौरान नोरा फतेही ने खुद खुलासा किया कि वह अब बांग्ला गाना करने का विचार कर रही हैं।
बातचीत के दौरान उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा, “दोस्तों, मुझे नहीं पता इस आदमी ने मुझसे क्या करवाने के लिए राजी कर लिया है… हम एक बांग्ला गाना कर रहे हैं। मेरे लिए दुआ करना!” इस पर संजॉय ने एक संभावित हुक लाइन भी सुझा दी“की माया, लगाइसो।” नोरा की इस टिप्पणी ने फैंस में उत्साह जगा दिया है, और अब सभी को इंतजार है कि क्या सचमुच यह प्रयोग साकार होगा। नोरा फतेही ने अपने अब तक के सफर से यह साबित किया है कि वह सिर्फ एक डांसर या परफॉर्मर भर नहीं हैं, बल्कि एक सच्ची ग्लोबल आर्टिस्ट हैं। उनका कहना है कि ग्लोबल होना सिर्फ कई भाषाओं और संस्कृतियों में काम करना भर नहीं है, बल्कि हर संस्कृति को सच्चे दिल से सेलिब्रेट करना ज़रूरी है। यही वजह है कि उन्होंने पंजाबी से लेकर अरबी और अब बांग्ला तक, विभिन्न भाषाओं और शैलियों को अपनाने की कोशिश की है।

