इंदौर। शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शहर के सबसे मशहूर अस्पताल एमवाय के NICU वार्ड में चूहों ने नवजात बच्चों के हाथ-पैर कुतर दिए हैं। दरअसल, अस्पताल में दो-तीन दिन पहले जन्मे नवजातों को जन्म के बाद NICU वार्ड में शिफ्ट किया गया था, जिसके बाद चूहों ने उनके हाथ-पैर कुतर दिए। रविवार को जब नवजात को चूहों ने काटा तो डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया, लेकिन सोमवार को फिर दूसरी बार यह घटना घटी, जिसके बाद स्टाफ ने सीनियरों को इसकी सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक पूरे अस्पताल में चूहों की भरमार है और NICU वार्ड में सबसे ज्यादा चूहे पाए जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। अस्पताल स्टाफ का कहना है कि इन चूहों को देखकर उन्हें भी डर लगता है। फिलहाल इन दोनों घटनाओं के बाद एमवायएच प्रबंधन ने बड़े स्तर पर पेस्ट कंट्रोल कराने की तैयारी कर रही है। प्रबंधन का कहना है कि NICU वार्ड में चूहों की आवाजाही को बंद करने के लिए काम चल रहा है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।
दो स्टाफ नर्स सस्पेंड, कई को नोटिस
डीन अरविंद घनघोरिया ने नर्सिंग ऑफिसर आकांक्षा बेंजामिन और स्वेता चौहान को सस्पेंड कर दिया है। वहीं सहायक प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर कलावती बलावी, प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर (पीआईसीयू) प्रवीणा सिंह, और प्रभारी व प्राध्यापक (पीडियाट्रिक सर्जरी) डॉ. मनोज जोशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
क्या होता है चूहों के काटने से?
चूहों के काटने से बुखार आने की संभावना सबसे ज्यादा बनी रहती है। इस बुखार को Rat Bite Fever (RBF) कहा जाता है। यह चूहों में पाए जाने वाले बैक्टीरिया Streptobacillus moniliformis और Spirillum minus के कारण होता है। चूहे के काटने के बाद इसके लक्षण कुछ हफ्तों में दिखाई देने लगते हैं. इसमें अचानक बुखार आना, दाने होना, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द होना शामिल है। यदि इसका इलाज समय पर न किया जाए तो हृदय, मस्तिष्क और शरीर के अन्य अंगों में गंभीर संक्रमण फैलने की संभावना होती है।

