काशी। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब काशी बुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई। कार्तिक मास की एकादशी के पावन अवसर पर मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ के दबाव में रेलिंग गिर गई, जिससे अफरातफरी फैल गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रशासन ने शुरू किया राहत व बचाव अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जिला प्रशासन ने हालात पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, दिए जांच के आदेश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “काशी बुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में हुई यह घटना अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।” मुख्यमंत्री ने स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को मौके पर जाकर राहत कार्यों की निगरानी करने के भी निर्देश दिए हैं।
कैसे हुई दुर्घटना ?
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मंदिर के प्रवेश द्वार के पास भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया। रेलिंग टूटने से संतुलन बिगड़ा और श्रद्धालु एक-दूसरे पर गिरने लगे। चश्मदीदों का कहना है कि सुबह से ही मंदिर परिसर में भीड़ काफी बढ़ गई थी, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि आखिर भीड़ नियंत्रण में चूक कहां हुई।
मंत्री और अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे के बाद राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मंदिर प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर राहत कार्यों की जानकारी ली। मंत्री नारा लोकेश ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार घायलों की हर संभव मदद करेगी।
घायलों का इलाज जारी, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता राशि देने की घोषणा भी की है।

