खुशियों की दास्तां : चाय के ठेले से आत्मनिर्भरता तक: पीएम स्वनिधि योजना बनी अमर कुशवाहा की सफलता की कुंजी
हरदा : शासन की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना गरीब और छोटे व्यापारियों के लिए वरदान साबित हो रही है। यह योजना सिर्फ एक ऋण योजना नहीं, बल्कि गरीबों के सपनों को उड़ान देने वाली योजना है। यह छोटे-छोटे हाथ ठेलों को बड़े व्यवसाय में बदलकर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार कर रही है।
ऐसी ही एक कहानी हरदा शहर के वार्ड क्रमांक 14 निवासी अमर कुशवाह की है। अमर कुशवाह पिछले 10 वर्षों से शहर में चाय का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। किंतु पूँजी के अभाव में व्यवसाय करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था एवं उन्हें ब्याज पर पैसा लेना पड़ रहा था,
तभी उन्हें नगरपालिका के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी मिली। उन्होंने नगरपालिका में आवेदन किया। नगरपालिका द्वारा तत्परता से उनका आवेदन स्वीकृत करवाकर प्रथम चरण में 10 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 20 हजार रुपये एवं तृतीय चरण में 50 हजार रुपये की राशि बिना गारंटी के उपलब्ध कराई गई।
योजना के तीनों चरणों का लाभ लेने के उपरांत अमर ने क्रेडिट कार्ड का आवेदन किया जो कि स्वीकृत हो चुका है और पंजाब नेशनल बैंक के माध्यम से प्राप्त भी हो चुका है।
अमर कुशवाह ने बताया कि इस राशि से उन्होंने अपना व्यवसाय बेहतर ढंग से स्थापित किया एवं नई आवश्यक सामग्री खरीदी जिससे आय में वृद्धि हुई। आज वे आत्मनिर्भर बन गए हैं। समय पर ऋण चुकाने से उनका सिविल स्कोर भी बेहतर हुआ है। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

