हंडिया : शिक्षा से खिलवाड़ पर सख्ती, पीएम श्री विद्यालय का आक्रामक सघन अभियान — घाट, भट्टियों और नावों तक पहुंची टीम,,,
हंडिया।पीएम श्री विद्यालय हंडिया ने अब लापरवाही और उदासीनता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लगातार अनुपस्थित और स्कूल से कटे विद्यार्थियों को लेकर विद्यालय प्रशासन ने आक्रामक सघन संपर्क अभियान चलाया, जिसमें शिक्षा से वंचित बच्चों को ढूंढने के लिए टीम गांव की निचली बस्तियों से लेकर नर्मदा घाटों, ईंट भट्टियों, नावों और आश्रित ग्राम चौकी मालपोन गोला तक पहुंची।
अभियान का नेतृत्व प्रधान पाठक जी.आर. चौरसिया के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान जन शिक्षक अनूप शर्मा, शिक्षक सेवजी कनेश एवं गणेश पारे ने घर-घर जाकर पालकों से दो टूक शब्दों में कहा कि 6 से 14 वर्ष के बच्चों को स्कूल से दूर रखना कानूनन अपराध है और अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
टीम के सामने चौंकाने वाली सच्चाई आई कि हंडिया क्षेत्र में छात्र उपस्थिति गिरने का मुख्य कारण पालकों की घोर लापरवाही, बच्चों को भिक्षावृत्ति, भंडारों, घाटों और मजदूरी जैसे कार्यों में झोंकना, तथा दुकानों व घरेलू कामों में बच्चों का शोषण है। कई मामलों में बार-बार समझाइश के बावजूद बच्चों को स्कूल नहीं भेजा जा रहा है।
विद्यालय एवं जन शिक्षा केंद्र स्तर पर स्पष्ट कर दिया गया है कि अब केवल समझाइश नहीं, बल्कि प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई होगी। इस संबंध में पुलिस विभाग से सहयोग मांगा गया है, वहीं तहसीलदार को पत्र लिखकर ऐसे पालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है, जो बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं।
अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, जागरूक पालकों और ग्रामीणों से खुली अपील की गई कि यदि कोई भी 6 से 14 वर्ष का बच्चा स्कूल समय में घाटों, बाजार या काम पर दिखे तो उसे तुरंत रोका जाए, टोका जाए और स्कूल पहुंचाया जाए। प्रत्येक ग्राम में जिम्मेदार पालक दल गठित कर बच्चों की नियमित उपस्थिति की जिम्मेदारी तय की गई है।

