देशभर में विरोध के बीच सरकार का एक्शन
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 दिल्ली ।NEET-UG पेपर लीक विवाद और छात्रों के देशव्यापी प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 5 बड़े फैसलों का ऐलान किया। PM ने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में तेजी से सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे। उन्होंने साफ कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
PM मोदी के 5 बड़े संदेश
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
1. युवाओं को प्राथमिकता : देश के युवाओं का हित और भविष्य सबसे ऊपर है।
2. कड़ी सजा का वादा : पेपर लीक के सभी दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड दिया जाएगा।
3. फास्ट ट्रैक कोर्ट : ऐसे मामलों के तुरंत निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन होगा।
4. त्काल कार्रवाई : संबंधित विभागों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दे दिए गए हैं।
5. लगातार फैसले : विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार आगे भी फैसले लेती रहेगी।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
PM का यह बयान ऐसे समय आया है जब दिल्ली में NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों का आंदोलन चल रहा है और विपक्ष शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे हैं।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा….
कुछ ही देर बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है और शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की जरूरत है। राहुल गांधी ने छात्रों की मांग दोहराते हुए शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने, छात्रों से माफी मांगने और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करने वालों के खिलाफ कदम उठाने की बात कही।
आगे क्या…..?
संसद के अंदर और बाहर NEET-UG पेपर लीक को लेकर बहस जारी है। विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा और जवाबदेही मांग रहा है, वहीं सरकार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई होगी.

