विश्व साइकिल दिवस पर दिया फिटनेस का संदेश
हरदा : भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा फिट इंडिया मिशन के तहत रविवार को विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जिलेभर में “संडे ऑन साइकिल” अभियान आयोजित किया गया।
इसी क्रम में जिला स्तरीय साइकिल रैली का आयोजन घंटाघर क्षेत्र से किया गया। रैली को जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप संचालक सामाजिक न्याय श्री कमलेश सिंह सहित अन्य जिला अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान ने बताया कि यह जागरूकता रैली घंटाघर से प्रारंभ होकर चांडक चौराहा, पोस्ट ऑफिस चौक, परशुराम चौक, काली मंदिर, सनफ्लावर स्कूल मार्ग से होते हुए नेहरू स्टेडियम हरदा के गेट क्रमांक-4 पर समाप्त हुई।
विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और साइकिल के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक करना था। “फिट इंडिया मिशन” के तहत लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। रैली में शामिल युवाओं और नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लेकर स्वस्थ भारत के निर्माण का संदेश दिया।

