हरदा। सिराली थाने में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक पर उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने एसपी कार्यालय हरदा पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी है और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
यूपी के फतेहपुर जिले के बसफरा क्षेत्र की रहने वाली रीना तिवारी ने बताया कि उनका विवाह 2 मार्च 2019 को सिराली थाने में पदस्थ आरक्षक रविशंकर तिवारी से हुआ था। शादी के कुछ समय बाद जब वह ससुराल खंडवा पहुंचीं तो उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति ने पड़ोस में रहने वाली एक युवती को पत्नी की तरह घर में रखा हुआ है।
रीना का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पति, सास, ससुर और ननद ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और उन्हें घर से निकाल दिया।
जान से मारने और तलाक की धमकी का भी आरोप
पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि पति रविशंकर तिवारी उन पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना कर रहे हैं। साथ ही उन्हें जान से मारने और तलाक देने की धमकी भी दी जा रही है।
रीना तिवारी ने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
आगे की प्रक्रिया
एसपी कार्यालय में शिकायत मिलने के बाद मामले को संबंधित थाना क्षेत्र को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

