खाद की किल्लत को लेकर कांग्रेस का कृषि विभाग में प्रदर्शन, 3 दिन में तालाबंदी की चेतावनी
हरदा : जिले में खाद की किल्लत और ई-विकास पोर्टल व ई-टोकन जनरेट न होने की समस्या को लेकर जिला कांग्रेस ने बुधवार को किसानों के साथ कृषि विभाग कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं और किसानों ने हाथों में मोबाइल लेकर पहुंचे और अधिकारियों के सामने ई-टोकन जनरेट करने की कोशिश की, लेकिन पोर्टल नहीं चलने से टोकन बुक नहीं हो सका।
खरीफ सीजन में किसान परेशान
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ने कहा कि खरीफ सीजन में खाद नहीं मिलने से मक्के का उत्पादन प्रभावित हुआ है। अब रबी सीजन में मक्का व चने की बोनी के लिए भी किसान परेशान हैं। कई वर्षों से खेती कर रहे एससी-एसटी वर्ग के पट्टाधीन किसानों के सामने ई-टोकन जनरेट करने का संकट खड़ा हो गया है। कृषि विभाग जिला अध्यक्ष ने बताया कि पिछले 4 महीने से कलेक्टर और कृषि उपसंचालक को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन स्थिति जस की तस है।
अब तक 50386 टोकन जनरेट
वहीं डीडीए प्रकाश ठाकुर ने कहा कि अब तक 50386 टोकन जनरेट हुए हैं, इसमें बुधवार को एक दिन में 2770 किसानों के टोकन जनरेट हुए। अब तक 2698 टोकन पेंडिंग हैं, इसके अलावा 6221 टोकन एक्सपायर भी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि टोकन जनरेट होने में यदि कोई असुविधा है तो उसे दूर कराया जाएगा।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 3 दिन में पोर्टल शुरू कर खाद वितरण की व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कृषि विभाग में तालाबंदी की जाएगी। प्रदर्शन में गोविंद व्यास, सुरेश पटेल, सूरज सिंह राजपूत, राहुल पटेल सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल थे।

