हरदा कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया है कि गाँवों में आने वाले सभी व्यक्तियों का डाटा प्रतिदिन संधारित करवाएं। इस संबंध में कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर डॉ प्रियंका गोयल ने आदेश जारी कर जिले के समस्त ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी, ए.एन.एम., स्वास्थ्य कर्मी, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता, कोटवार एवं रोजगार सहायक से कहा है कि वे अपने ग्रामान्तर्गत आने वाले समस्त नागरिकों का प्रतिदिन डाटा संधारण करें।बाह्य जिले या अन्य प्रदेशों से आने वाले नागरिकों का चिकित्सीय परीक्षण करवाएं। चिकित्सीय परीक्षण करवाने के उपरान्त संभावित लक्षण पाये जाने पर अनिवार्यतः 14 दिवस के लिये अस्थायी निर्मित कोरेंटाईन भवन व असंदिग्ध पाये जाने पर होम कोरेंटाईन करवाएं। साथ ही प्रतिदिन उक्त नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाकर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन स्टेट कंट्रोल द्वारा प्रेषित एस.ओ.पी. के तहत विभिन्न श्रेणी के ई-पास जारी कर फसे हुए लोगों को सुगम बनाने हेतु निर्देश प्रसारित किये गये है। पूर्व में अन्य राज्यों एवं मध्यप्रदेश के हॉटस्पॉट जिलों से प्रदेश के अन्य जिलों में आने की अनुमति नहीं थी, किन्तु व्यवस्था को शिथिल करते हुए निर्देश जारी किये गये है कि मध्यप्रदेश के निवासी जो अन्य राज्यों के हॉटस्पॉट जिलों एवं मध्यप्रदेश के हॉटस्पॉट जिलों में वर्तमान में फंसे हुये है, ई-पास आवेदन जारी उपरान्त आवागमन कर सकते है। इस स्थिति में जिले में बाह्य जिले एवं अन्य प्रदेशों (रेड जोन, ओरेन्ज जोन) से ई-पास/गैर ई-पास एवं राज्य तथा केन्द्र सरकार द्वारा चलायी जा रही ट्रेन एवं बसों के माध्यम से नागरिकों का प्रवेश बहुताधिक संख्या में हो रहा है।

