ग्वालियर। प्रदेश की शिवराज सरकार की कैबिनेट ने ग्वालियर में बनने वाले देश के पहले दिव्यांग स्टेडियम के लिए मंजूरी दे दी है। ट्रिपल आईटीएम के सामने शर्मा फार्म हाउस के पास करीब 22 हेक्टेयर भूमि को एक स्र्पए की राशि में उपलब्ध कराया जाएगा। खेल केंद्र के प्रस्ताव को केंद्र की मोदी सरकार पूर्व में ही अनुमति दे चुकी है।
यह खेल केंद्र सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 के तहत पंजीकृत किया जाएगा, जो दिव्यांग खेल केन्द्र, ग्वालियर के नाम से काम करेगा। इस सेंटर द्वारा सृजित उन्नात बुनियादी सुविधाओं के बल पर खेल की गतिविधियों में भी दिव्यांगजनों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित किया जाएगा। दिव्यांगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बनाया जाएगा।
केंद्र के प्रस्ताव में इन सुविधाओं को किया था शामिल
इस केंद्र में एक आउटडोर एथलेटिक्स स्टेडियम, इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बेसमेंट पार्किंग सुविधा, जलीय केंद्र में 2 स्विमिंग पूल, एक कवर पूल और एक आउटडोर पूल, कक्षाओं के साथ उच्च निष्पादन केंद्र, चिकित्सा सुविधाएं, खेल विज्ञान केंद्र, एथलीटों के लिए छात्रावास की सुविधा, सुलभ लॉकर्स, भोजन, मनोरंजक सुविधाएं और प्रशासनिक ब्लॉक सहित सहायता सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
केंद्र में प्रशिक्षण के लिए चयनित खेल
बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, जूडो, तायक्वांडो, तलवारबाजी और रग्बी जैसे एकीकृत खेल (इंडोर)।
– एडॉप्टेड स्पोर्ट्स (इंडोर) जैसे बोस्किया, गोलबॉल, फुटबॉल 5 ए साइड, पैरा डांस स्पोर्ट्स और पैरा पावर लिफ्टिंग।
एकीकृत खेल (आउटडोर) जैसे एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल 7 ए साइड और टेनिस, तथा एकीकृत खेल (इनडोर और आउटडोर) – तैराकी।

