भाई के जन्मदिन पर आई युवती के साथ 5 लोगों ने किया सामुहिक दुष्कर्म, दरिंदगी के बाद पिटाई कर बोरे में भरकर फैंका
दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने युवती की जमकर पिटाई की और मरा समझकर बोरे में भर दिया
Ghaziabad Crime : दिल्ली की युवती के साथ गाजियाबाद में एक बार फिर निर्भया जैसी घटना सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली की रहने वाली युवती से गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में 5 लोगों ने सामूहिक दरिंदगी की है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने युवती की जमकर पिटाई भी की और बोरे में भरकर सड़क पर फेंक दिया। गाजियाबाद के एसपी निपुण अग्रवाल ने कहा कि 18 अक्टूबर की सुबह सूचना मिली थी कि आश्रम रोड के किनारे एक महिला पड़ी हैं। टीम मौके पर पहुंची और उनको अस्पताल ले गई। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली की रहने वाली हैं और एक दिन पहले अपने भाई का जन्मदिन नंदग्राम मनाने आई थीं। उन्होंने कहा कि युवती के भाई ने उन्हें रात में छोड़ा था, जहां से कुछ लोग युवती को ले गए थे। यह महिला इन लोगों से पूर्व से ही परिचित थी। महिला ने बताया कि 5 लोगों ने इनके साथ दुष्कर्म किया। तहरीर पर हमने मामला दर्ज़ किया और 4 लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

