मकड़ाई समाचार ग्वालियर। गोल पहाड़िया पर स्थित शंकर कालोनी में गुुरुवार की रात को 27 साल के रूपकिशोर जाटव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह युवक घर के कमरे में फांसी पर लटका मिला। मृतक पिता के साथ ससुराल में 15 जून को आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद गुरुवार की सुबह टीकमगढ़ से लौटा था। युवक के आत्महत्या का कारण तत्काल पता नहीं चल सका है। जनकगंज थाना पुलिस ने युवक के आत्महत्या करने का कारण पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
शंकर कालोनी निवासी रूपकिशोर पुत्र ध्रुव सिंह जाटव आइटीआइ कर रहा था। एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। पढ़ने के साथ पिता की दुकान पर भी बैठता था। पत्नी मायके में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए टीकमगढ़ गई है। रूपकिशोर भी पिता के साथ शादी में शामिल होने के लिए गया था। पिता-पुत्र गुरुवार की सुबह ही टीकमगढ़ से लौटकर आए है। शादी समारोह में आने के बाद रूपकिशोर दिनभर पिता के साथ दुकान पर बैठा। रात को घर आया। खाना खाकर कमरे में सोने के लिए चला गया। युवक के चेहरे पर किसी प्रकार का तनाव नजर नहीं आ रहा था। सुबह कमरे में उसका शव फांसी पर लटका मिला। घरवाले भी इस बात से परेशान हैं कि रूपकिशोर को ऐसी क्या परेशानी थी कि उसने आत्महत्या कर ली। जनकगंज थाना पुलिस ने युवक के शव का दोपहर को डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

