सिद्दू मूसे वाला मर्डर केस में पहली गिरफ्तारी की गई है। पंजाब पुलिस ने इस केस में मनप्रीत नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बीते दिनों उत्तराखंड से गिरफ्तार किया गया था। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति पर हत्या में शामिल होने का शक है। वह उन तीर्थयात्रियों के बीच छुपा था जो हेमकुंड साहिब की यात्रा पर थे। पंजाब और उत्तराखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने उन्हें हिरासत में लिया था। पुलिस ने बताया था कि मूसेवाला को एक स्वचालित असॉल्ट राइफल से 30 गोलियां मारी गई थीं। मूसे वाला ने इस साल के शुरुआत में कांग्रेस के टिकट पर पंजाब का विधानसभा चुनाव लड़ा था।
फिलहाल यह साफ नहीं है कि मनप्रीत का मामले में क्या रोल है। पंजाब पुलिस ने सिद्धू मूसे वाला की हत्या मामले में छह लोगों को कल उत्तराखंड के देहरादून में हिरासत में लिया था। बाद में इन्हें पंजाब ले जाया गया था। उत्तराखंड स्पेशल टॉस्क फोर्स की मदद से उन्हें पकड़ा गया था। पकड़े गए लोग लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य बताए गए थे।

