नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए एक नई सुविधा की घोषणा की है, जिसके तहत आने और जाने का टिकट एक साथ बुक कराने पर रिटर्न जर्नी के बेस किराए पर 20प्रतिशत की छूट मिलेगी। इस ‘राउंड ट्रिप पैकेज’ स्कीम को फिलहाल प्रयोग के तौर पर लागू किया जा रहा है, ताकि इसके असर और यात्रियों की प्रतिक्रिया का आकलन किया जा सके।
यह राउंड ट्रिप पैकेज योजना 14 अगस्त से शुरू की जाएगी। इसके तहत यात्रियों को पहली यात्रा का टिकट 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच की तारीख के लिए बुक करना होगा। वापसी का टिकट 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच की तारीख के लिए ‘कनेक्टिंग जर्नी फीचर’ के जरिए बुक किया जा सकेगा। रेलवे के अनुसार, छूट तभी मिलेगी जब दोनों तरफ का टिकट एक ही यात्री के नाम पर और कन्फर्म हो।
रिटर्न टिकट की बुकिंग के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड लागू नहीं होगा। यह छूट केवल रिटर्न जर्नी के बेस किराए पर दी जाएगी। रेलवे का मानना है कि इस स्कीम से त्योहारों के दौरान ट्रेनों का दोनों तरफ से बेहतर उपयोग हो सकेगा और यात्रियों को भी किफायती यात्रा का लाभ मिल सकेगा।

