मालिक और कर्मचारी के बीच मजदूरी नहीं देने को लेकर हुई थी बहस
मकडाई समाचार ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक कारोबारी के सिर पर हथोड़ा मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में कारोबारी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। मालिक और कर्मचारी के बीच मजदूरी नहीं देने को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद गुस्साए कर्मचारी ने मालिक को मौत के घाट उतार दिया और दुकान में रखे पैसे लेकर भाग निकला। गर्लफ्रेंड को वैलेंटाइन डे पर गिफ्ट में मोबाइल देना था। इसीलिए पैसे मांग रहा था। ये पूरा मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर का है।
दरअसल, बीते दिनों ट्रांसपोर्ट नगर के पार्किंग नंबर 6 में स्थित दुकान कारोबारी सूरज जाटव (35 वर्ष) चंद्रवदनी नाका निवासी जो कि लोहे का टैंक बनाने का काम करता था। सूरज के यहां काम करने वाला कर्मचारी आशिक उर्फ छोटे खान ने मजदूरी की मांग की, लेकिन मालिक ने आशिक को पैसे देने से इनकार कर दिया। इस बात से गुस्साएं आशिक ने मालिक सूरज की हत्या कर दी। दुकान में रखे 30 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया। पुलिस ने घटना स्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाकर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने हत्या के मामले में कर्मचारी आशिक उर्फ छोटे खान को हिरासत में लेकर पूछताछ किया। आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, फिर कड़ी पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या करने और 30 हजार रुपये लेकर भागने की भी बात कबूल की। उसने पुलिस को बताया कि हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर गया, वहां उसने खून से सने हुए कपड़े रख दिए, फिर नहाने के बाद बाजार जाकर मोबाइल खरीदा और अपनी प्रेमिका से मिलने गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी आशिक के खिलाफ बहोड़ापुर थाने ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने कारोबारी के शव को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।

