इंदौर। मध्य प्रदेश की सियासत में आज एक ऐसी मुलाकात हुई, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राहुल गांधी के इंदौर दौरे से ठीक पहले पूर्व लोकसभा स्पीकर और भाजपा की वरिष्ठ नेता सुमित्रा महाजन से उनके निवास पर करीब एक घंटे तक मुलाकात की। यह मुलाकात सामान्य शिष्टाचार से कहीं आगे मानी जा रही है, क्योंकि बातचीत का केंद्र भागीरथपुरा की वो दर्दनाक त्रासदी रही, जिसने पूरे इंदौर को झकझोर कर रख दिया है।
‘राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ित परिवारों का समर्थन करना चाहिए’
सूत्रों के मुताबिक, जीतू पटवारी ने सुमित्रा महाजन से साफ शब्दों में कहा कि यह मामला किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि मानवता और इंदौर की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आग्रह किया कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ित परिवारों के लिए समर्थन सामने आना चाहिए। जीतू पटवारी ने यह भी कहा कि राहुल गांधी का इंदौर आना सिर्फ राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि पीड़ितों की पीड़ा को सुनने और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाने की कोशिश है।
‘अगर राहुल गांधी मिलना चाहें तो मुलाकात करूंगी’
करीब एक घंटे चली इस बैठक के बाद जब सुमित्रा महाजन से सवाल किया गया कि क्या वे राहुल गांधी से मुलाकात करेंगी, तो उनका जवाब सधा हुआ, लेकिन बेहद अहम था। उन्होंने कहा, ‘अगर राहुल गांधी मिलना चाहेंगे, तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन फिलहाल मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।’

