करताना। रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दुकानदारों ने रंग-बिरंगी राखियों से अपनी दुकानें सजाना शुरू कर दिया है। शोरूम से लेकर छोटी दुकानों तक नई वैरायटी की राखियां लगाई जा रही हैं।
बस स्टैंड चौराहे के पास लगी दुकानों पर आकर्षक डिजाइन और अलग-अलग रंगों की राखियां ग्राहकों को खूब लुभा रही हैं। श्रावण शुक्ल पूर्णिमा को मनाए जाने वाले इस पर्व पर बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखी और सुरक्षित जीवन की कामना करती हैं, तो भाई उनकी रक्षा का संकल्प लेते हैं।
इस बार बाजार में सूती धागे से बनी ईको-फ्रेंडली राखियों की मांग ज्यादा है। साथ ही तिरंगा थीम वाली राखियां भी पसंद की जा रही हैं। बच्चों के लिए खास तौर पर लाइट वाली, कार्टून कैरेक्टर वाली, टॉय वाली और म्यूजिकल राखियों की नई वैरायटी आई है। दुकानदारों को उम्मीद है कि त्योहार नजदीक आते ही बाजार में और भीड़ बढ़ेगी।

