मकड़ाई समाचार हंडिया।जहां आमतौर पर सरकारी स्कूलों की चर्चा सुविधाओं और कमियों को लेकर होती है, वहीं खेड़ीनीमा के शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय ने अपने काम से चर्चा का विषय बदल दिया है। विद्यालय के उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों को अब “सफलता की कहानी” के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
NIEPA-NCSL के अंतर्गत SIEMAT, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित लीडरशिप आधारित कार्यशाला के लिए जिला हरदा से खेड़ीनीमा विद्यालय का चयन किया गया है। यह चयन विद्यालय में किए गए नवाचारों और बेहतर शैक्षणिक प्रयासों के आधार पर हुआ है।
इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय की सफलता के पीछे मार्गदर्शकों और शिक्षकों की पूरी टीम के प्रयास रहे हैं। DIET बागरुल के प्राचार्य अजय कुम्हारे, वरिष्ठ शिक्षक संजय वर्मा एवं सोहन वर्मा के मार्गदर्शन में विद्यालय द्वारा किए गए प्रयासों को नई दिशा मिली।
वहीं इस सफलता की कहानी को आकार देने में शिक्षक शिवप्रसाद माल्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने इसके संकलन, लेखन एवं प्रस्तुतीकरण का कार्य किया।जनशिक्षक अनूप शर्मा एवं रामविलास कर्मा, संस्था प्रमुख लक्ष्मीनारायण डूड़ी, शिक्षक दरयाव सिंह चौहान एवं सुमेर सिंह चौहान सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
खेड़ीनीमा से निकली सफलता की कहानी
विद्यालय परिवार का कहना है कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत, विद्यार्थियों के प्रयास और अभिभावकों व ग्रामवासियों के सहयोग का परिणाम है।
ग्रामीण क्षेत्र के इस विद्यालय का जिले से “सफलता की कहानी” के लिए चयन होना न केवल विद्यालय बल्कि हंडिया क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात है। इस उपलब्धि ने यह संदेश भी दिया है कि संसाधनों से ज्यादा महत्वपूर्ण है—कुछ नया करने की सोच और उसे जमीन पर उतारने का जज्बा।
मकड़ाई समाचार की ओर से विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई।

