सिवनी मालवा: शासन के आदेश बेअसर सुबह 6 बजे ही खुल जाती है कंपोजिट शराब दुकान, बोलेरो से गांव-गांव हो रही सप्लाई
चाय की दुकान से पहले बिकने लगती है शराब, शिकायतों के बाद भी आबकारी विभाग मौन
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। मध्यप्रदेश शासन ने प्रदेश में सभी देशी/विदेशी कंपोजिट मदिरा दुकानों के खुलने का समय सुबह 9:30 बजे से रात्रि 11:30 बजे तक निर्धारित किया है, लेकिन सिवनी मालवा में शासन के इस आदेश की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर की मुख्य कंपोजिट शराब दुकान निर्धारित समय से साढ़े तीन घंटे पहले ही सुबह 6 बजे खोल दी जाती है। आलम यह है कि सुबह चाय की दुकान भी नहीं खुलती, उससे पहले यहां शराब की बिक्री शुरू हो जाती है।
नागरिक कल्लू सिंह रघुवंशी ने बताया कि सुबह दुकान खोलने के पीछे बड़ा कारण अवैध सप्लाई है। यहां से बोलेरो जैसे वाहनों में भरकर गांव-गांव में शराब भेजी जाती है, जिससे क्षेत्र में नशाखोरी लगातार बढ़ रही है।
नागरिकों द्वारा इस संबंध में कई बार शासन, प्रशासन और आबकारी विभाग को लिखित एवं मौखिक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय अनदेखी के कारण दुकान संचालक के हौसले बुलंद हैं।
नागरिकों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि निर्धारित समय से पहले दुकान खोलने और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब की सप्लाई करने वाली सिवनी मालवा की मुख्य कंपोजिट दुकान पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

