बीपीएल में शामिल अपात्र परिवारों के नाम काटे जाएं
हरदा में 3 से 7 अक्टूबर तक आयोजित होगी राज्य स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता
हरदा : कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने जिले के तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिये है कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में निर्णय की गुणवत्ता एवं विधि सम्मत प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होने कहा है कि राजस्व अधिकारी उनके न्यायालय में निर्णयाधीन प्रकरणों में गुण दोष का भलीभांति अध्ययन करें एवं निर्णय लेने में स्पष्टता का भी ध्यान रखें।
मंगलवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि गरीबी की रेखा की सूची में शामिल अपात्र परिवारों के नाम विशेष अभियान चलाकर काटें।
बैठक में बताया गया कि हरदा में 3 से 7 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 10 संभागों के प्रतियोगी दल भाग लेंगे। भाग लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या 240 रहेगी। प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन के नोडल अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी रहेंगे।
बैठक में जन विश्वास अभियान शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कलेक्टर ने निर्देश दिये कि आवेदनों के निराकरण का नियमित फालोअप सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में ग्राम पंचायतों में सम्पत्ति कर, स्वच्छता कर, विकास कर एवं जल कर की वसूली पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार व अनुपमा चौहान, प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण इवने, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी शैलेन्द्र बड़ोनिया व एसडीएम खिरकिया रजनी वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

