मकड़ाई एक्सप्रेस 24 नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बड़ी सियासी हलचल शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ने संसद की बैठक फिर से बुलाने का फैसला किया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है।
मानसून सत्र का ही विस्तार, नया सत्र नहीं
सरकार की ओर से साफ किया गया है कि यह कोई नया विशेष सत्र नहीं है, बल्कि मानसून सत्र की ही आगे की कार्यवाही है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन से सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया है। मानसून सत्र के तहत दोनों सदनों की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थी, लेकिन तब सत्रावसान नहीं हुआ था।
क्यों चर्चा में है परिसीमन बिल….?
सरकार ने अभी तक इस बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लाया जा सकता है।
इन विधेयकों का उद्देश्य परिसीमन के जरिये लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करना और 2029 के आम चुनाव से पहले संसद तथा राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना है।
अप्रैल में क्यों अटक गया था बिल. ?
इसी साल अप्रैल में भी सरकार ने इसी तरह की कोशिश की थी, लेकिन तब विधेयक को जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था। अब सरकार का दावा है कि सीटों का गणित बदल चुका है।
संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। 543 सदस्यीय सदन में इसके लिए 361 वोट चाहिए, जबकि तीन सीट खाली होने के कारण फिलहाल सदन में 540 सदस्य हैं.
नंबर गेम में किस पर टिकी नजर…?
सत्ताधारी एनडीए के पास करीब 320 सदस्य बताए जा रहे हैं। उसे विधेयक पारित कराने के लिए विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी। सरकार को डीएमके और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) जैसे दलों से समर्थन की उम्मीद है।
डीएमके के लोकसभा में 22 सांसद हैं। पार्टी ने संकेत दिया है कि अगर लोकसभा सीटों में उसकी मौजूदा करीब 7.2 प्रतिशत हिस्सेदारी सुरक्षित रहती है, तो वह समर्थन पर विचार कर सकती है.
एनसीपी (SP) नेता सुप्रिया सुले ने मांग की है कि परिसीमन के लिए सभी राज्यों में एक समान फॉर्मूला अपनाया जाए और महिला आरक्षण कानून को लागू किया जाए।
विपक्ष की रणनीति क्या होगी….?
कांग्रेस ने आगामी बैठक के लिए अपनी रणनीति तय करने के लिए शुक्रवार शाम अपनी संसदीय समिति की बैठक बुलाई है। कांग्रेस नेताओं ने पहले ही परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उनका आरोप है कि यह बिल संघीय ढांचे और संसद की गरिमा को नुकसान पहुंचा सकता है।
दूसरी ओर, सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि महिलाओं को न्याय दिलाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।
क्या बदलेगा अगर बिल पास हुआ…?
अगर बिल पास हुआ तो देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आ सकता है –
– लोकसभा सीटों का गणित बदलेगा|
– हर राज्य में सीटें 50 प्रतिशत तक बढ़ने का दावा किया जा रहा है|
– महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता खुलेगा
– परिसीमन आयोग का गठन होगा, जो निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं फिर से तय करेगा
अब सबकी नजर 30 नवंबर और 2 दिसंबर पर
अब सबकी नजरें 30 नवंबर और 2 दिसंबर पर टिकी हैं। दिल्ली से जो खबर आएगी, वो पूरे देश की राजनीति की दिशा तय कर सकती है।
क्या सरकार दो-तिहाई बहुमत जुटा पाएगी….?
क्या डीएमके और एनसीपी (SP) सरकार के साथ आएंगे….?
क्या विपक्ष एकजुट होकर बिल को रोक पाएगा…?
इन सभी सवालों के जवाब अगले कुछ दिनों में मिल जाएंगे।

