डॉक्टर की बेकाबू कार ने 8 लोगों को रौंदा, गर्भवती महिला कार के नीचे दबी
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 गुना। जहां लोग इलाज कराने आते हैं, वहीं अस्पताल परिसर में बुधवार को एक ऐसा दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने सबको हिला दिया। जिला अस्पताल परिसर में एक डॉक्टर की कार अचानक बेकाबू हो गई और मरीजों व उनके परिजनों को टक्कर मारती चली गई। हादसे में 9 महीने की गर्भवती महिला समेत 8 लोग घायल हो गए। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार लोगों को कुचलती हुई नजर आ रही है।
10 सेकंड में मच गई अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि हादसा बुधवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। अस्पताल परिसर में उस समय काफी भीड़ थी। लोग दवा लेने, जांच कराने और परिजनों से मिलने आए थे। इसी दौरान डॉक्टर सुभाष सोनकर अपनी कार से अस्पताल से घर लौट रहे थे। अचानक कार अनियंत्रित हो गई और वहां खड़े लोगों को एक के बाद एक टक्कर मारती चली गई। कार रुकने का नाम नहीं ले रही थी। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
कार के नीचे दब गई 9 महीने की गर्भवती महिला
हादसे में सबसे गंभीर हालत रामकन्या बाई की हुई, जो 9 महीने की गर्भवती हैं। वे अपनी सोनोग्राफी कराने अस्पताल आई थीं। कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और वे कार के नीचे दब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने कार को उठाकर बड़ी मुश्किल से उन्हें बाहर निकाला। उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें भोपाल रेफर कर दिया है।
12 साल के बच्चे का दूसरा पैर भी टूटा
हादसे में एक 12 साल का बच्चा भी घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि वह सुबह ही पैर में फ्रैक्चर की सर्जरी कराकर लौट रहा था। उसका एक पैर पहले से प्लास्टर में था। डॉक्टर की कार की टक्कर से उसका दूसरा पैर भी टूट गया। इसके अलावा 4 महिलाएं और 2 पुरुष भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चक्कर आने से बेकाबू हुई कार, डॉक्टर भी ICU में
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार डॉक्टर सुभाष सोनकर न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर के कारण दिव्यांग हैं। वे लंबे अवकाश के बाद बुधवार को ही अस्पताल पहुंचे थे। जिला अस्पताल के डॉक्टर पीएन धाकड़ के मुताबिक, घर लौटते समय डॉक्टर को अचानक चक्कर आ गया, जिससे कार अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद डॉक्टर सोनकर को भी ICU में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टर के खिलाफ FIR, कार जब्त
घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने डॉक्टर सुभाष सोनकर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। हादसे का वीडियो भी जांच में शामिल किया गया है।
अस्पताल में सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण होना चाहिए, मरीजों के बैठने की जगह अलग होनी चाहिए और दिव्यांग या बीमार चालकों को खुद वाहन चलाने से रोका जाना चाहिए। एक छोटी सी लापरवाही ने 8 परिवारों को संकट में डाल दिया।

