शहीद अमृता देवी विश्नोई गौशाला धनगांव में चल रही श्री जांभाणी भागवत कथा का आज हुआ समापन, कृषि मंत्री सहित विश्नोई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी कथा का श्रवण करने पहुँचे
मकड़ाई समाचार हरदा विगत सात दिनों से शहीद अमृता देवी विश्नोई गौशाला धनगांव में चल रही श्री जांभाणी भागवत कथा का आज समापन हुआ । सुबह हवन पहल के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई । इसके पश्चात जांभाणी भागवत कथा का शेष अध्याय कथावाचक स्वामी सच्चिदानंद आचार्य जी ने सुनाया । गुरु जंभेश्वर भगवान ने समाधि लेते समय जो चमत्कारिक घटनाक्रम किए थे उन्हें विस्तार से समझाया । जंभेश्वर भगवान के पश्चात धर्म की ध्वजा फहराने और समाज को एक दिशा देने आए संत बिल्होजी की जीवन गाथा सुनाकर प्रेरित किया । आचार्य जी ने सभागार में उपस्थित समस्त समाज जनों से 29 धर्म का कड़ाई से पालन करने की बात कही । गुरुवर के मुखारविंद से कथा रस का समापन होने के पश्चात समापन समारोह आयोजित किया गया । कार्यक्रम में अतिथि के रूप में अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बुढ़िया, उपाध्यक्ष पतराम जी, सचिव जयकिशन सारण राजस्थान, कृषि मंत्री मप्र शासन कमल पटेल, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद अध्यक्ष प्रदीप पांडे, मध्यक्षेत्र बिश्नोई सभा अध्यक्ष आत्माराम पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, श्यामलाल बाबल, पूनम पवार, राधेश्याम सारण,नानकराम बेनीवाल, रमेश लोल व अन्य मौजूद रहे ।
अतिथियों ने डिंडा ग्रुप बिश्नोई युवा ब्रिगेड एवं समाज के सहयोग से किए गए इस ऐतिहासिक आयोजन की भरपूर प्रशंसा की । कृषि मंत्री कमल पटेल ने जैविक खेती को बढ़ावा देने की बात कही ताकि आने वाले समय में हम गंभीर बीमारियों से बच सकें एवं पर्यावरण की रक्षा कर सकें । प्रदीप पांडे ने बिश्नोई समाज के पर्यावरण प्रेम एवं जीव जंतुओं के प्रति दया भावना की विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से प्रशंसा की । मुख्य अतिथि देवेंद्र बुढ़िया ने मालवा की माटी में अपने प्रथम आगमन को गौरवशाली बताया । आपने समय अनुसार महिलाओं की पर्दा प्रथा को अब बंद करने की बात पर जोर दिया । इंदौर में प्रस्तावित विश्नोई समाज के भवन निर्माण के लिए समाज के सहयोग पर चर्चा हुई। आपने शासन से अपील की, कि इसके लिए तत्काल जमीन उपलब्ध कराई जाए । इस हेतु आयोजन में लाखों रुपए की धनराशि भी एकत्रित की गई । कथावाचक आचार्य जी ने आयोजन समिति, गौशाला समिति एवं भागवत कथा में सहयोगी रहे संगीत दल एवं अन्य सभी का विस्तार से परिचय कराया । भागवत कथा एवं गौशाला के लिए संपूर्ण समाज एवं दानदाताओं की ओर से लाखों रुपए, ट्रैक्टर, ट्रॉली, चारा काटने की मशीन, सैकड़ों कुंटल अनाज, भूसा एवं कईं प्रकार की सामग्री दान में प्राप्त हुई । लक्ष्मीनारायण पटेल ने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए समाज का हृदय से आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम को सफल बनाने में कृष्णानंद गुरुजी नेमावर की महत्वपूर्ण भूमिका रही । कार्यक्रम के आयोजक डिंडा ग्रुप बिश्नोई युवा ब्रिगेड द्वारा कथावाचक आचार्य के सभी सहयोगी एवं अतिथियों को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया ।
सुहागमल पवार ने बताया कि कल सुबह 9 बजे चूड़ी बाजार पेढ़ीघाट पर श्री गुरु जंभेश्वर मार्केट का भूमि पूजन राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र बुढ़िया के कर कमलों से किया जाएगा ।

