हंडिया। कलेक्टर हरदा के मार्गदर्शन में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा हंडिया में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र कांबले की टीम ने कई किराना दुकानों, डेयरी एवं नाश्ता केंद्रों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान गोकुल प्रसाद नारायण प्रसाद किराना, अग्रवाल किराना, बाबूजी किराना स्टोर, शिवानी किराना स्टोर, माधव डेयरी एंड आइसक्रीम पार्लर तथा खत्री नाश्ता सेंटर सहित अन्य प्रतिष्ठानों से शक्कर, गुड़, पनीर, दही, समोसा, कचौरी, कोल्ड ड्रिंक एवं आइसक्रीम के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में इन नमूनों की तत्काल जांच की गई। वहीं तीन संदिग्ध नमूनों को विधिवत संकलित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है, जहां उनकी विस्तृत जांच की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र कांबले, केमिस्ट हेमंत कीर तथा सहायक ब्रजेश पटेल उपस्थित रहे।

