गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत समग्र पंजीयन कराएं
हाई-रिस्क महिलाओं का सीएचओ के माध्यम से कराएं प्रबन्धन
हरदा : कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, पोषण एजेंडा बिंदुओं और जिले की स्वास्थ्य अवसंरचना की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में गर्भवती महिलाओं का शतप्रतिशत समग्र पंजीयन कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री शशांक, डीएचओ डॉ. कमलेश गौड़, डॉ. जितेन्द्र चौरे, बीएमओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिन गर्भवती महिलाओं का समग्र पंजीयन नहीं हो पा रहा है, उनकी सूची पंचायत सचिव अथवा जनपद पंचायत को उपलब्ध कराएं ताकि उनका समग्र पंजीयन कराया जा सके। उच्च जोखिम वाली महिलाओं का शतप्रतिशत प्रबन्धन सीएचओ के माध्यम से कराना सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी कर्मचारी सार्थक एप के माध्यम से अपनी उपस्थित दर्ज कराएं।
बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण को देखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हाइपरटेंशन एवं डायबिटिज से पीड़ित बच्चों की सूची संबंधित स्कूलों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे स्कूल स्तर पर भी उनका उचित प्रबंधन और देखभाल की जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्घटना के प्रकरणों में नियमानुसार मेमो भेजें तथा इसकी सूचना संबंधित थाने को अवश्य दें।

