भोपाल। मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को मोहन सरकार दीपावली के पहले बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर रही है। राज्य सरकार प्रदेश के साढ़े 7 लाख कर्मचारियों को दीपावली के पहले 3 फीसदी महंगाई भत्ता यानि डीए दे सकती है। प्रदेश के कर्मचारियों को अभी केन्द्रीय कर्मचारियों के समान 55 फीसदी महंगाई भत्ता मिल रहा है। माना जा रहा है कि केन्द्र सरकार अगले माह केन्द्रीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ता और दीवाली बोनस का ऐलान कर सकती है। इसके बाद मोहन यादव सरकार भी डीए में बढ़ोत्तरी का ऐलान कर सकती है।
केन्द्र सरकार अक्टूबर में बढ़ा सकती है DA
मध्य प्रदेश के कर्मचारियों का डीए केन्द्रीय कर्मचारियों के समान 55 फीसदी हो गया है। माना जा रहा है कि केन्द्र सरकार अगले माह यानि अक्टूबर में कर्मचारियों को डीए दिए जाने का ऐलान कर सकती है। केन्द्र सरकार कर्मचारियों का डीए 3 फीसदी बढ़ा सकती है। इसके बाद केन्द्रीय कर्मचारियों का डीए बढ़कर 58 फीसदी पहुंच जाएगा। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी कहते हैं कि “आमतौर पर प्रदेश सरकार केन्द्र सरकार के बाद ही डीए दिए जाने का ऐलान करती है।
केन्द्र सरकार आमतौर पर जुलाई माह में अपने कर्मचारियों का डीए बढ़ाती है, इस बार केन्द्र सरकार दो माह पीछे हो गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही मोदी कैबिनेट में इस पर फैसला लिया जा सकता है। केन्द्र सरकार के बाद मध्य प्रदेश में भी कर्मचारियों के डीए में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।”

