हंडिया : मूंग खरीदी को लेकर नर्मदा में उतरे किसान, रिद्धनाथ घाट पर भारतीय किसान संघ का जल सत्याग्रह जारी
मकड़ाई समाचार, हंडिया। मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ द्वारा हंडिया स्थित मां नर्मदा के पावन रिद्धनाथ घाट पर जल सत्याग्रह जारी है। नर्मदा की धारा में खड़े होकर किसान अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं और सरकार से समर्थन मूल्य पर प्रत्येक किसान की मूंग की खरीदी सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि क्षेत्र के अनेक किसान अब भी अपनी मूंग की उपज बेचने से वंचित हैं, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन और जल सत्याग्रह जारी रहेगा।
जल सत्याग्रह के दौरान रिद्धनाथ घाट पर प्रशासनिक अमला भी लगातार मौजूद है। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मां नर्मदा के रिद्धनाथ घाट पर चल रहा किसानों का यह जल सत्याग्रह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। नर्मदा की पवित्र धारा में खड़े होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाते किसानों का यह दृश्य शासन और प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
“अन्नदाता की मेहनत का पूरा सम्मान हो, मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी हो” के नारों के साथ किसान अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं और समाधान होने तक संघर्ष जारी रखने की बात कह रहे हैं।

