सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिली नाबालिग
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 सतना।जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में कैमा रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को एक नाबालिग लड़की सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिली। राहगीरों ने लड़की के हाथ-पैर और मुंह बंधे होने के साथ ही शरीर पर चोट के निशान और कपड़े अस्त-व्यस्त देखकर तुरंत स्थानीय लोगों को जानकारी दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलने पर सरपंच मनोज कुमार ने डायल-112 पर कॉल किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय महिला छोटीबाई कोल की सहायता से नाबालिग को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से पीड़िता की स्थिति की जानकारी ली।
बयान देने की स्थिति में नहीं पीड़िता, इलाज जारी
पुलिस के अनुसार नाबालिग डरी-सहमी है और अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। सीएसपी ने बताया कि स्वास्थ्य में सुधार के बाद महिला अधिकारी की मौजूदगी में उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। तभी घटना की सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सीसीटीवी और अन्य सुराग खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पीड़िता का संबंध मैहर जिले से होने की संभावना जताई जा रही है, इसको लेकर मैहर पुलिस से भी संपर्क किया गया है। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।

