नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। तेज बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर आ गई है। इस कारण यमुना नदी के किनारे बसे यमुना बाजार इलाके में रहने वाले लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यहां कॉलोनी में लोगों के घरों में पानी घुसने लगा है। कुछ लोग अपने घरों की छत पर चढ़ रहे हैं और सामान ले जा रहे हैं तो कई लोगों को कैंप में शिफ्ट किया जा रहा है।
खतरे के निशान से ऊपर यमुना नदी
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर 205.80 मीटर तक पहुंच गया है। इससे दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। कई क्षेत्रों में पानी भर गया है। इसमें यमुना बाजार इलाका भी शामिल है। यहां सड़कों पर पानी जमा हो गया और IT छठ घाट डूब चुका है। बढ़ते जलस्तर के कारण पुराना लोहे का पुल भी बंद कर दिया गया है।
यमुना बाजार इलाके में जलभराव, सामान डूबा
युमना नदी से सटे यमुना बाजार जैसे निचले इलाकों में घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों का सामान डूब चुका है। निवासी अपने सामान को बचाने के लिए छतों पर या बाहर बने शेल्टरों में शरण ले रहे हैं। CM रेखा गुप्ता ने भी इस क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था।

