घंटाघर सर्राफा से लेकर इंदौर रोड पटाखा मार्केट तक रौनक, 5 दिनों मे 25 से 30 करोड़ के कारोबार का अनुमान
धनतेरस पर शहर के बाजार सजकर तैयार
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 – हरदा | दीपोत्सव का पहला दिन आज धनतेरस है। हरदा के सभी प्रमुख बाजार सजकर तैयार हैं। घंटाघर, बड़ा बाजार, इंदौर नाका, बर्तन बाजार और कपड़ा मार्केट में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। व्यापारी संगठनों के अनुसार इस बार सोने के भाव में आई गिरावट से बाजार में पिछले साल से ज्यादा बिक्री की उम्मीद है।
घंटाघर सर्राफा मार्केट में सिक्के और हल्के जेवर की मांग
घंटाघर सर्राफा मार्केट में इस बार सबसे ज्यादा मांग 10 ग्राम चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति और 14 व 18 कैरेट के हल्के जेवर की है। सर्राफा व्यापारियों के अनुसार सोना अपने जनवरी के हाई रेट 1.80 लाख से घटकर अभी 1.40 लाख के आसपास आ गया है, इसलिए ग्राहक ज्यादा आ रहे हैं। हरदा सर्राफा मार्केट में आज अकेले 12 से 15 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। पिछले साल यह 8 से 10 करोड़ के आसपास था।
बर्तन भंडार में पीतल-तांबे की वापसी, स्टील सबसे ज्यादा बिकेगा
बर्तन बाजार में धनतेरस की परंपरा के चलते पीतल और तांबे के बर्तनों की डिमांड फिर लौटी है। स्थानीय व्यापारी के अनुसार पीतल 1250 रुपये किलो, फैंसी पीतल 1550 रुपये किलो और तांबा 1850 रुपये किलो से शुरू है। स्टील 250 से 750 रुपये किलो है। भाव में पिछले साल से 20-25% तेजी है, फिर भी ग्राहक पूजा के लोटे, थाली, गिलास और दीपक जमकर खरीद रहे हैं। बर्तन बाजार से 4 से 5 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।
कपड़ा मार्केट और इंदौर नाका पटाखा बाजार में भी भीड़
कपड़ा मार्केट में कुर्ता-पायजामा, साड़ी और बच्चों के एथनिक वियर की जमकर बिक्री हो रही है। वहीं इंदौर नाका पर लगे होलसेल पटाखा बाजार में 50 से ज्यादा दुकानें सज गई हैं। थोक में 2000 से 5000 तक के पैकेट बिक रहे हैं। पुलिस ने सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड और पानी के टैंकर तैनात किए हैं।
होलसेल संभावित: हरदा में आज कितना होगा कारोबार.. ?
व्यापार महासंघ के अनुसार हरदा जिले में आज का कुल अनुमानित कारोबार
– सर्राफा मार्केट (सोना-चांदी): 12-15 करोड़ रुपये
– ऑटोमोबाइल (बाइक-कार): 6-7 करोड़ रुपये (लगभग 300 बाइक, 40 कार की डिलीवरी)
– बर्तन बाजार: 4-5 करोड़ रुपये
– कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, पटाखा और अन्य: 3-4 करोड़ रुपये
कुल अनुमानित कारोबार 25 से 30 करोड़ रुपये
CAIT के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर आज देशभर में 60,000 करोड़ से ज्यादा का सर्राफा कारोबार और 1 लाख करोड़ का कुल कारोबार होने का अनुमान है, जिसका असर छोटे शहरों हरदा, खंडवा, बैतूल में भी दिख रहा है।

