हरदा विधायक दोगने और पूर्व मंत्री पटेल में जुबानी जंग, समर्थक आमने-सामने
हरदा में शराब कारोबार को लेकर कांग्रेस-भाजपा में वार-पलटवार तेज
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 हरदा। देवास में टीआई की हत्या के बाद इसका सियासी असर हरदा जिले में देखने को मिल रहा है। हरदा विधायक डॉ. आरके दोगने और पूर्व मंत्री कमल पटेल दोनों एक-दूसरे पर शराब के अवैध कारोबार को संरक्षण देने का आरोप लगा रहे हैं। दोनों नेताओं ने अलग-अलग प्रेस वार्ता कर अपनी बात रखी, जिसके बाद अब उनके समर्थक भी आमने-सामने आ गए हैं।
विधायक प्रतिनिधि को हत्यारा कहने पर कांग्रेस का फूटा गुस्सा, कमल पटेल का पुतला फूंका
कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को नारायण टॉकीज चौराहे पर पूर्व मंत्री कमल पटेल का पुतला दहन किया। कांग्रेस का आरोप है कि कमल पटेल ने विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल को हत्यारा कहा, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
दरअसल दो दिन पहले पूर्व मंत्री कमल पटेल ने जनपद पंचायत में हत्या के आरोपी राहुल पटेल को विधायक प्रतिनिधि बनाने का आरोप लगाया था। इस पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे। इसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ। इसी के विरोध में कांग्रेसियों ने नारायण टॉकीज चौक पर पुतला दहन किया।
इस दौरान उपाध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा, अजय पाटिल, मुन्ना पटेल, सिद्धार्थ बिश्नोई, अनिल बिश्नोई, मनोज साई, मुजाहिद अली, मनोज साई सहित अन्य मौजूद रहे।
भाजपा ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग, डिप्टी कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खातेगांव टीआई हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। भाजपा के सीएम के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर रजनीश बामोरे को सौंपा गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि शराब माफिया ने थाना प्रभारी पूरी की ट्रक से कुचलकर निर्मम हत्या की है। हत्याकांड के सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि शराब तस्कर राहुल जायसवाल और उसके सिंडिकेट को मिल रहे राजनीतिक संरक्षण की जांच हो। ज्ञापन सौंपते समय योगरामा शर्मा, देवीसिंह सांखला, राजू कमेडिया आदि मौजूद रहे।

