हरदा : सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा प्रारम्भ की गई “विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ शुक्रवार को जिले के ग्राम खमलाय पहुँची। ग्राम खमलाय में पूर्व मंत्री श्री कमल पटेल ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होने कहा कि नागरिकों को पात्रता अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाने और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा आयोजित की गई है। यह यात्रा आगामी 26 जनवरी तक लगातार जारी रहेगी। उन्होने कहा कि सरकार की योजनाओं से देश के करोड़ों परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधरी है। आवासहीनों को मकान मिले हैं तथा गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन की सौगात भी मिली है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की मदद से देश के करोड़ों युवा स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बने है।
इसके अलावा विकसित भारत संकल्प यात्रा जिले के ग्राम खमगांव, कासरनी, आमसागर, खमलाय, काल्याखेड़ी व बड़नगर पहुँची। संकल्प यात्रा के दौरान सभी ग्रामों में स्कूली छात्राओं व महिलाओं ने कलश यात्रा आयोजित की। यात्रा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वस्थ बालक प्रतियोगिता आयोजित की गई। यात्रा के दौरान किसानों के समक्ष खेतों में ड्रोन के माध्यम से नेनो यूरिया छिड़काव के संबंध में प्रदर्शन कर बताया गया और किसानों को मिट्टी परीक्षण से संबंधी सोइल हेल्थ कार्ड प्रदान किये गये। कार्यक्रम में ग्रामीणों को भारत सरकार की ओर से प्राप्त केलेण्डर वितरित किये गये। यात्रा के साथ चल रहे प्रचार वाहन का स्थानीय ग्रामीणों ने स्वागत किया तथा वाहन में लगे एलईडी टीवी पर विकास कार्यों पर केन्द्रित फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
शिविरों में विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत चयनित हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये तथा योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक ग्रामीणों से योजनाओं के आवेदन भी भरवाये गये। यात्रा के दौरान ग्रामीणों को विकसित भारत बनाने का संकल्प दिलाया गया। शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर गांव के मरीजों को दवाईयां दी गई।

