रहटगांव । प्रसिद्ध कथावाचक और गौसेवक पं. कमल किशोर नागर महाराज को सहपरिवार जान से मारने की धमकी भरा पत्र मिला है। इससे अनुयायियों में चिंता है। अज्ञात आरोपी की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई, महाराज और उनके परिवार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर शुक्रवार को रहटगांव थाने में आवेदन सौंपा गया।
पं. नीरज जी महाराज, हरिओम पटेल, गयादास पांडे, विजय गौर, सुभाष किरार, शशिकांत वर्मा सहित अन्य भक्तों ने थाना प्रभारी मनोज दुबे को आवेदन दिया। आवेदन में बताया कि पं. नागर जी रक्षा, भागवत कथा, जनजागरण के काम से लगातार जुड़े हैं। वे गौ तस्करी और धर्मांतरण के खिलाफ सामाजिक और धार्मिक जागरूकता अभियान चलाते हैं।
आवेदन के अनुसार 4 सितंबर को झाबुआ जिले के श्री गुरु कृपा शबरी गौशाला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान सत्संग में यह धमकी भरा पत्र मिला। पत्र में गौसेवा और धर्म जनजागरण के काम बंद करने की धमकी दी गई है। महाराज और उनके परिवार को जान से मारने की बात लिखी है। भक्तों ने निष्पक्ष जांच की मांग की। आरोपी की पहचान की मांग की। गिरफ्तारी की मांग की। आवेदन की कॉपी एसपी हरदा को भी भेजी गई है।

