छत में हुआ बड़ा छेद, कमरे में गिरे मलबे के टुकड़े, छत पर मृत मिला कबूतर
हरदा। कहते हैं कि जब संकट बड़ा हो तो बच जाना भी किसी चमत्कार से कम नहीं होता। शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे हरदा की मां गुलाबसिटी कॉलोनी में ऐसा ही एक हादसा हुआ, जिसने पूरे परिवार को दहला दिया।
कॉलोनी निवासी संकेत श्रीवास्तव के घर की छत पर तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। उस समय छत पर लगे लोहे के सरिए में हनुमानजी का ध्वज बंधा हुआ था। बिजली सीधे उसी स्थान पर गिरी, जिससे ध्वज का बीच का हिस्सा जल गया और छत को चीरते हुए कमरे तक बड़ा छेद हो गया। धमाके के साथ छत के टुकड़े कमरे में गिर पड़े, जिससे परिवार के सदस्य घबरा गए।
बारिश थमने के बाद जब परिवार छत पर पहुंचा तो वहां बैठा एक कबूतर मृत अवस्था में मिला, जिससे बिजली गिरने की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
संकेत श्रीवास्तव का कहना है कि हादसा बेहद भयावह था, लेकिन राहत की बात यह रही कि परिवार का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ। घर में रखे इलेक्ट्रिकल्स उपकरण सिर्फ खराब हुए है। सभी लोग बच गए। परिवार इसे हनुमानजी की कृपा मान रहा है कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद जनहानि नहीं हुई।

