हरदा में कांग्रेस की किसान महाचौपाल, जीतू पटवारी ने सरकार पर बोला हमला; 3 अगस्त तक मांगे पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
हरदा। कृषि उपज मंडी परिसर में शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा ‘हल्ला बोल आंदोलन’ एवं किसान महाचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे तथा किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
महाचौपाल के दौरान कांग्रेस नेताओं ने किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। इसके बाद जिला कांग्रेस के नेतृत्व में किसानों की प्रमुख मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि 3 अगस्त तक मांगों का समाधान नहीं किया गया तो जिलेभर में सरकार के खिलाफ चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
कांग्रेस ने रखीं ये प्रमुख मांगें
– जिले में किसानों की मूंग की शत-प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित की जाए।
– खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए।
– मूंग खरीदी की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर 30 अगस्त की जाए।
– स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 10 अगस्त की जाए।
– 15 जुलाई 2026 को छोटी हरदा के पास चक्काजाम आंदोलन में शामिल किसानों पर दर्ज प्रकरण वापस लिए जाएं।
– किसानों को यूरिया एवं डीएपी खाद बिना ई-टोकन प्रणाली के सुगमता से उपलब्ध कराई जाए तथा अनावश्यक रूप से दूसरी खाद लेने की बाध्यता समाप्त की जाए।
– वर्ष 2025 खरीफ सोयाबीन फसल बीमा में हुई विसंगतियों को दूर कर पात्र किसानों को उचित बीमा राशि का भुगतान किया जाए।
– जिले में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर रोक लगाई जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा तक किसानों की मांगें पूरी नहीं की गईं तो पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
इन नेताओं ने किया संबोधित
कार्यक्रम को जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साई, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हेमंत टाले, इंद्रसेन देशमुख, संगठन मंत्री गोविंद सुरमा, विधायक डॉ. आर.के. दोगने, पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पंवार, ओम पटेल, जिला उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा, जिला प्रभारी रचना जैन, रानू दशरथ पटेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमिला ठाकुर, सूरज सिंह राजपूत, सुरेंद्र पटेल, विनोद पटेल, गोविंद व्यास, शंकर सिंह सोलंकी, गंगाराम, दीपक वशिष्ठ, आशुतोष कोठारी तथा पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष रामचरण शिंदे सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष, पार्षद, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

