खिरकिया SDM ने मूंग उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण, किसानों के हितों की सुरक्षा के दिए सख्त निर्देश
हरदा /अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खिरकिया सुश्री रजनी वर्मा ने समर्थन मूल्य पर चल रहे ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन कार्य का जायजा लेने के लिए चौकड़ी समिति स्थित वर्धमान वेयरहाउस तथा किसान विपणन समिति खिरकिया के नर्मदा वेयरहाउस का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपार्जन व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी समिति में हम्मालों द्वारा किसानों से किसी प्रकार की “सुपड़ी” नहीं ली जाए। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुश्री वर्मा ने निर्देश दिए कि किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा अच्छी गुणवत्ता की मूंग को खराब बताकर उपार्जन में बाधा न डाली जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी उपज का नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से उपार्जन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उपार्जन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

