हंडिया। मां नर्मदा तट की पावन धरती एक बार फिर भक्ति के महासागर में डूबने जा रही है। ग्राम नयापुरा में 21 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक संत सिंगाजी महाराज की विशाल पंच दिवसीय परचरी पुराण कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
हर दिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाली इस कथा में श्रद्धालु भक्ति, ज्ञान और संत परंपरा की अमृतधारा का रसपान करेंगे। आयोजन का शुभारंभ 21 अप्रैल, मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा, जिसमें महिलाओं और श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रहने की संभावना है।
कथा के अंतिम दिन 25 अप्रैल, शनिवार को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा, जहां हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
इस दिव्य आयोजन में युग प्रवर्तक कथाकार संत श्री गुलाबदास जी महाराज अपने ओजस्वी प्रवचनों से संत सिंगाजी महाराज के जीवन और उपदेशों को जीवंत करेंगे, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर होंगे।
कार्यक्रम को राजनीतिक एवं सामाजिक गरिमा भी प्राप्त होगी, जहां कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग मुख्य अतिथि के रूप में तथा पूर्व मंत्री कमल पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।
यह आयोजन नर्मदा कुटी, ग्राम नयापुरा, तहसील हंडिया, जिला हरदा में किया जाएगा। आयोजन की कमान अशोक धनगर एवं समस्त ग्रामवासियों ने संभाली है, जो स्वर्गीय रामकिशन धनगर जी की स्मृति में इस भव्य धार्मिक आयोजन को साकार कर रहे हैं।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित पहुंचकर धर्म लाभ लें और इस भक्ति महाकुंभ के साक्षी बनें।

