हरदा। जिले में सितंबर की शुरुआत के साथ ही हर दिन बारिश हो रही है। सोमवार को सुबह लंबे समय के बाद तेज धूप निकली। एक घंटे बाद ही फिर बादलों ने डेरा डाल लिया। दोपहर करीब 2 बजे से पहले रिमझिम बारिश शुरू हुई। इसके बाद करीब 15 मिनट तक झमाझम पानी बरसा। इससे सड़कें तरबतर हो गईं। इसके बाद भी पिछले साल की तुलना में 353.5 मिमी कम बारिश हुई है।
अधीक्षक, भू-अभिलेख के अनुसार जिले में 24 घंटे में 0.8 मिमी औसत वर्षा हुई। जिले में इस बार बारिश की रफ्तार पिछले साल की तुलना में काफी धीमी बनी हुई है। हरदा तहसील में 2.5 मिमी, टिमरनी में 1.5 मिमी, वहीं खिरकिया, सिराली, रहटगांव तहसील में वर्षा नहीं हुई।
चालू मानसून सीजन में अब तक जिले में 664.7 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। तहसीलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो हरदा में 693.7 मिमी, टिमरनी में 708.4 मिमी, खिरकिया में 746.8 मिमी, सिराली में 597.7 मिमी और रहटगांव में 577.1 मिमी वर्षा हुई। वहीं पिछले साल 7 सितंबर तक जिले में 1018.2 मिमी औसत वर्षा हो चुकी थी।

