बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना इलाके में बुजुर्ग महिला के साथ दिनदहाड़े ठगी और लूट की वारदात सामने आई है। दो युवकों ने तांत्रिक बातों में उलझाकर महिला को हिप्नोटाइज से वश में किया और गले से सोने की चैन लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीताराम गेट के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
रामदेव मंदिर से लौट रही थी महिला
पीड़िता पार्वती स्वामी जस्सूसर गेट बाहर की रहने वाली हैं। वह विश्वकर्मा गेट के सामने स्थित रामदेव मंदिर में दर्शन कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान सीताराम गेट के सामने पारीक अस्पताल के पास दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोका।
आरोपियों ने खुद को हरिद्वार का पंडित बताया और महिला से ज्योतिष और तंत्र-मंत्र की बातें शुरू कर दीं। युवकों ने कहा कि आपका समय बहुत खराब चल रहा है, आज आपके छोटे बेटे की मौत हो जाएगी।
11 पत्थर और मंत्र जाप के नाम पर दिया झांसा
महिला ने बताया कि युवकों ने डर दिखाते हुए कहा कि दोष टालने के लिए उन्हें पीछे जाकर 11 पत्थर लेकर आने होंगे। महिला डर के मारे उनके कहे अनुसार पत्थर ले आई।
इसके बाद एक युवक ने महिला को आंखें बंद कर “ॐ नमः शिवाय” का जाप करने को कहा। जाप के दौरान ही दूसरे युवक ने गले में पहनी सोने की चैन उतारकर उसे देने को कहा। महिला ने वश में आकर चैन उतारकर दे दी और आरोपी चैन लेकर भाग गया।
CCTV में कैद हुए आरोपी, पुलिस कर रही तलाश
घटना के बाद महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। परिजनों का कहना है कि युवकों ने महिला को हिप्नोटाइज कर लिया था।
सूचना मिलने पर नयाशहर थाने के एसआई हंसराज और सिपाही मनोज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें एक युवक साफ नजर आ रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

