दहशत में ग्रामीण, थाने पहुंचकर लगाई गुहार — एसडीएम और टीआई ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
भिलट देव और भमेडीदेव के ग्रामीणों का आरोप, युवाओं पर अवैध शराब बिकवाने का दबाव गांव का माहौल बिगड़ने से महिलाएं-बुजुर्ग चिंतित
केके यदुवंशी
सिवनी मालवा। शहर से 8 किलोमीटर दूर स्थित देवस्थल भिलट देव और भमेडीदेव गांव के दर्जनों ग्रामीण गुरुवार को थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर और एसडीएम विजय राय को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
यह है मामला
ग्रामीणों ने शिकायती आवेदन में बताया कि गांवों में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। आरोप है कि पास के धरमकुण्डी गांव से जुड़ा शराब ठेकेदार स्थानीय युवाओं पर दबाव बनाकर उनसे शराब बिकवा रहा है। ग्रामीणों ने कहा, “साहब, हम शराब नहीं बेचेंगे, लेकिन ठेकेदार धमकाता है कि तुम्हें बेचना पड़ेगा, नहीं तो हमारे आदमी मारेंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार की धमकियों के कारण युवा डर में हैं और कई परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। गांव में शराब की बढ़ती उपलब्धता से आए दिन विवाद और झगड़े हो रहे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों ने चिंता जताई कि इससे गांव की शांति व्यवस्था बिगड़ रही है और बच्चों के भविष्य पर असर पड़ रहा है।
प्रशासन का रुख
शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी सुधाकर बारसकर ने ग्रामीणों को आश्वस्त दिया कि अगर कोई आपको जबरन दारू बेचने के लिए परेशान कर रहा है तो पुलिस उसे बख्शेगी नहीं। सख्त कार्रवाई की जाएगी एसडीएम विजय राय ने भी मामले को गंभीर मानते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में नियमित पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है ताकि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लग सके। उनका कहना है कि कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीनी स्तर पर असर दिखे।
ज्ञापन देने वालों में सुनील, राकेश, राजेंद्र, पिंटू, सलमान, दिलीप, गोलू , विनोद, विक्की, धर्म नाथ, राहुल, शकुन, बाई अनिता, भाई अकित, मोहन सहित दर्जन से अधिक ग्रामीण शामिल रहे।

