श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
सिवनी मालवा।शहर से लगभग आठ किलोमीटर दूर आस्था के प्रमुख केंद्र भिलट देव बाबा के वार्षिक मेले का शुभारंभ मंगलवार को पारंपरिक ‘निशान’ चढ़ाकर पूरे विधि-विधान और जयकारों के बीच किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।
मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि ने संयुक्त रूप से मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनपद सदस्य शेर सिंह दरबार सहित जनपद सदस्य, मुख्य कार्यपालन अधिकारी व जनपद पंचायत के कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने बाबा के दरबार में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, व्यापारी और आसपास के ग्रामीणजन शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच भक्तों ने भिलट बाबा के दर्शन कर मेले की शुरुआत को भक्तिमय बना दिया। जनपद पंचायत द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित इस मेले में इस बार भी दुकानों, झूलों और विविध मनोरंजन साधनों की सज्जा की गई है, जो बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को आकर्षित कर रही है।
प्रशासन ने मेले में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा एवं यातायात व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं पुलिस बल की तैनाती के साथ स्वयंसेवकों की टीमें भी भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सहायता में लगाई गई हैं आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में भक्तों की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है।

