खातेगांव देवास: विद्यालय के प्राचार्य पर छेड़छाड़ का आरोपः छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया, प्राचार्य ने बताया साजिश
देवास ब्यूरो खातेगांव : 12वीं की एक छात्रा ने उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य पलकराम सरलाम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए खातेगांव थाने पर शिकायत की है। इसके बाद पुलिस ने धारा 354 में मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि प्राचार्य ने छात्रा के इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि यह उन्हें बदनाम करने और ब्लैकमेल करने की साजिश है।
टीआई विक्रांत झांझोट ने बताया कि शनिवार को बॉयो विषय की सप्लिमेंट्री (पूरक) की परीक्षा थी। प्राइवेट परीक्षा दे रही छात्रा भी परीक्षा देने पहुंची थी। छात्रा का आरोप है कि प्राचार्य ने उसका बैग अपने कमरे में रखवा लिया। परीक्षा खत्म होने के बाद जब वो प्राचार्य के कमरे में अपना बैग लेने गई तो प्राचार्य ने उसके साथ छेड़छाड़ की
शाम को छात्रा ने अपने पेरेंट्स को इस पूरी घटना के बारे में बताया और अगले दिन रविवार को उसने परिजनों के साथ थाने पर आकर पुलिस को इस मामले से अवगत कराया। महिला अधिकारी के बयान लेने के बाद आरोपित प्राचार्य के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
सोमवार को पुलिस ने प्राचार्य को राउंडअप किया। टीआई ने बताया कि मामले की जांच एसआई सीमा परमार कर रही हैं। प्रकरण की विवेचना करने के बाद कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा
कमरे के गेट पर लगाया ताला
सोमवार से उत्कृष्ट विद्यालय में प्राचार्य के कमरे का ताला लगा है। फोन पर चर्चा में प्राचार्य सरलाम ने बताया कि वे अभी बीमार हैं और इंदौर अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि प्राचार्य ने छात्रा के इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि यह उन्हें बदनाम करने और ब्लैकमेल करने की साजिश है। परीक्षा के दिन कई सारे स्टूडेंट्स के साथ-साथ स्टॉफ भी यहीं मौजूद था।

