मकड़ाई समाचार हरदा। वर्षों से विद्युत संबंधी कार्य करने वाले मंगलप्रसाद जायसवाल को विद्युत वितरण कंपनी द्वारा किए जा रहे अनाप शनाप बिलों की शिकायत सीएम हेल्पलाईन को करना महंगा पड़ गया। जहां उनका विद्युत कनेक्शन काट दिया गया, वहीं उनके द्वारा की गई शिकायत का भी कोई हल नहीं किया गया। ग्वाल नगर में रहने वाले मंगलप्रसाद ने कलेक्टर और सीएम हेल्पलाईन में की गई शिकायत में बताया कि अनाप शनाप आ रहे बिलों को देखते हुए उसके द्वारा मीटर की 100.वॉट के बल्ब से जांच की गई थी। जिसमें उसने पाया कि विद्युत खपत 100 वॉट के बल्ब की मीटर द्वारा 180 वॉट बताई जा रही है। जिसकी शिकायत उपभोक्ता द्वारा सीएम हेल्पलाईन पर की गई। हेल्पलाईन पर शिकायत करने पर विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारियों द्वारा उस शिकायत को हटवाने के लिए पहले तो उपभोक्ता को डरा धमकाकर कहा गया कि यदि आपने शिकायत नहीं उठाई तो आपका बिजली कनेक्शन काटकर बकाया बिल के लिए कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इस माह 9 सितम्बर विद्युत बिल जमा करने की अंतिम तिथि थी। जब मैं विद्युत विभाग द्वारा प्रदाय किए जा रहे बिल से असंतुष्ट था तो मेरे द्वारा पूर्व माह का भी बिल भुगतान नहीं किया गया था। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 9 सितंबर होने के बावजूद मात्र 3724 रुपए का बिल होने पर भी 6 सितंबर को ही बिजली काट दी गई। सीएम हेल्पलाईन में शिकायत करने से विद्युत विभाग के द्वारा कहीं बदले की भावना के तहत कुर्की की कार्रवाई न कर दी जाए इसलिए मेरे द्वारा 8 सितंबर को ही ऑनलाईन विद्युत बिल का भुगतान जमा भी कर दिया गया। इसके बावजूद शिकायत करने पर भी विद्युत कनेक्शन नहीं जोड़ा गया और 250 रुपए लाईन जोड़ने के लिए मांगे जा रहे है। मंगलप्रसाद जायसवाल ने शीघ्र ही पूरे मामले की जांच करवाकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
ब्रेकिंग
