हरदा। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के ऐतिहासिक 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा देशभर के शिक्षण संस्थानों में वंदे मातरम् अभियान के साथ भारत माता पूजन एवं आरती कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को एबीवीपी द्वारा पिनेकल एकेडमी में भारत माता पूजन एवं आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत माता के पूजन से हुई। इसके पश्चात भारत माता की आरती की गई और विद्यार्थियों द्वारा वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
कार्यक्रम में एबीवीपी नगर कोषाध्यक्ष एवं पूर्व नगर मंत्री शुभम ढोके, नगर कार्यालय मंत्री विकास इवने तथा नगर सोशल मीडिया प्रमुख रुद्र सिंह तोमर उपस्थित रहे। पिनेकल एकेडमी के संचालक अब्दुल सईद खान ने स्वागत उद्बोधन दिया।
एबीवीपी नगर कोषाध्यक्ष शुभम ढोके ने अपने उद्बोधन में संगठन के उद्देश्यों, सदस्यता अभियान तथा वंदे मातरम् एवं भारत माता पूजन अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एबीवीपी विद्यार्थियों के हितों के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और राष्ट्रहित से जुड़े आयोजनों के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य करती है।
कार्यक्रम का संचालन मैडम सोहा खान ने किया। अंत में आभार प्राचार्य प्रियंका तोमर ने व्यक्त किया।

