jhankar

मांगरुल के वार्ड 07 में आरसीसी सड़क निर्माण पर उठे सवाल, गुणवत्ता की जांच की मांग

वार्डवासी उमेश धनगर ने मकड़ाई समाचार तहसील ब्यूरो को दिया आवेदन, बोले—सार्वजनिक राशि से हो रहा निर्माण, तकनीकी मापदंडों की हो निष्पक्ष जांच

हंडिया। ग्राम मांगरुल के वार्ड क्रमांक 07 में चल रहे आरसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर अब गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। वार्ड निवासी उमेश धनगर पिता शिवनारायण धनगर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अपनी आशंका जताते हुए मकड़ाई समाचार तहसील ब्यूरो हंडिया को आवेदन देकर मामले को खबर के माध्यम से संबंधित विभाग एवं प्रशासन के संज्ञान में लाने की मांग की है।

उमेश धनगर ने अपने आवेदन में बताया कि वार्ड क्रमांक 07 में वर्तमान में आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मापदंडों के अनुरूप हो, यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री, सड़क की मोटाई, बेस, सीमेंट-कांक्रीट के अनुपात सहित अन्य तकनीकी मानकों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उमेश धनगर का कहना है कि सड़क निर्माण सार्वजनिक राशि से कराया जा रहा है, इसलिए निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति सामने लाकर संबंधित अधिकारियों का ध्यान गुणवत्ता की ओर आकर्षित करना है।

- Install Android App -

जांच के बाद ही सामने आएगी वास्तविक स्थिति

वार्डवासी द्वारा उठाए गए सवालों के बीच अब यह महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित विभाग द्वारा मौके पर निर्माण कार्य का तकनीकी निरीक्षण कराया जाता है या नहीं। सड़क की मोटाई, सामग्री की गुणवत्ता, बेस एवं निर्माण में अपनाए जा रहे तकनीकी मानकों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

उमेश धनगर ने मांग की है कि निर्माणाधीन सड़क की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराकर यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़क निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से तैयार हो, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक टिकाऊ सड़क की सुविधा मिल सके।

मकड़ाई समाचार इस मामले में संबंधित विभाग एवं प्रशासन का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।